कश्मीर घाटी में नदियों के जलस्तर में कमी आने से अधिकतर क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति में शुक्रवार को सुधार हुआ है। पिछले 24 घंटे में घाटी में बहुत ही कम बारिश हुई और झेलम नदी व अन्य जल स्रोतों का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे आ गया है।
मॉनसून सक्रिय है और देश के कई हिस्सों में खूब बारिश हो रही है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, मॉनसून ट्रफ अपनी सामान्य स्थिति से दक्षिण में है। इसके कारण देश के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। मध्य प्रदेश के ऊपर बना निम्न दबाव क्षेत्र उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ा है। यह 7 सितंबर तक राजस्थान और गुजरात में डिप्रेशन में बदल सकता है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से रविवार तक गुजरात क्षेत्र में अत्यधिक भारी बारिश होगी। पूर्वी राजस्थान में 6-7 सितंबर को भी अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। अगले सात दिनों तक इस क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज और बिजली की संभावना है।
दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मध्य प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार और छत्तीसगढ़ में 11 सितंबर के बीच अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और अरुणाचल प्रदेश में 11 सितंबर के बीच भारी बारिश हो सकती है। दक्षिण भारत में तमिलनाडु, केरल और माहे में 6, 8 से 10 सितंबर को भारी बारिश की संभावना है। आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में अगले पांच दिनों तक 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। अगले सात दिनों तक इन क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज और बिजली की संभावना बनी रहेगी।
दिल्ली में आज फिर बरसेंगे बदरा
मौसम विभाग ने राष्ट्री राजधानी दिल्ली में शनिवार के लिए आंधी और बारिश की संभावना जताई है। न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। पिछले 24 घंटों में राष्ट्रीय राजधानी के कई मौसम केंद्रों पर बारिश दर्ज की गई। सफदरजंग में 7.6 मिमी, पालम में 13.3 मिमी, लोधी रोड में 3.2 मिमी, रिज में 5.2 मिमी, जबकि आया नगर में कोई बारिश दर्ज नहीं की गई। दिल्ली में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.9 डिग्री कम है, जबकि न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहा। आईएमडी के मुताबिक सापेक्षिक आर्द्रता सुबह में 87 प्रतिशत और शाम को 78 प्रतिशत के बीच रही।
कश्मीर घाटी में बाढ़ की स्थिति में सुधार
बेहतर मौसम के चलते कश्मीर घाटी में नदियों के जलस्तर में कमी आने से अधिकतर क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति में शुक्रवार को सुधार हुआ है। पिछले 24 घंटे में घाटी में बहुत ही कम बारिश हुई और झेलम नदी व अन्य जल स्रोतों का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे आ गया है। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में जम्मू-कश्मीर में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का पूर्वानुमान जताया है। कुछ जगह हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। अनंतनाग जिले के संगम और श्रीनगर के राम मुंशीबाग में झेलम नदी का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे है। घाटी के अन्य इलाकों में भी जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर है, लेकिन लगातार कम हो रहा है। झेलम नदी की सभी सहायक नदियां खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं और किसी भी हिस्से में टूट-फूट की सूचना नहीं मिली है।