विदेश मंत्रालय ने अमेरिका से अपील की है कि डिपोर्टेशन की प्रक्रिया मानवीय होनी चाहिए। मंत्रालय ने महिलाओं और बच्चों पर बेड़ियों के इस्तेमाल तथा धार्मिक-सांस्कृतिक संवेदनशीलता के उल्लंघन पर चिंता जताई है।
डोनाल्ड ट्रंप के अमेरिका के राष्ट्रपति पद पर दोबारा काबिज होने के बाद से अमेरिका से भारतीय नागरिकों की वापसी (डिपोर्टेशन) में जबरदस्त उछाल दर्ज किया गया है। विदेश मंत्रालय (MEA) के आंकड़ों के अनुसार, साल 2025 के पहले सात महीनों में ही 1,703 भारतीयों को अमेरिका से जबरन भारत भेजा गया, यानी हर दिन औसतन आठ भारतीयों को डिपोर्ट किया गया। यह आंकड़ा बाइडेन सरकार और ट्रंप के पहले कार्यकाल के अंतिम वर्ष की तुलना में तीन गुना ज्यादा है।
डोनाल्ड ट्रंप की सरकार ने 2025 की शुरुआत से ही आव्रजन नीति को कड़ा करते हुए अवैध प्रवासियों और वीजा शर्तों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। 26 जून को अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि वीजा मिलने के बाद भी निगरानी जारी रहती है। नियमों का उल्लंघन करने पर वीजा रद्द कर डिपोर्ट किया जा सकता है। इसके साथ ही अमेरिकी सरकार ने चेतावनी दी है कि अवैध रूप से अमेरिका में प्रवेश करने पर गिरफ्तारी, डिपोर्टेशन और भविष्य में वीजा पर स्थायी प्रतिबंध लगेगा।
कैसे हुई भारतीयों की वापसी?
टाइम्स ऑफ इंडिया ने अपनी एक रिपोर्ट में विदेश मंत्रालयय के हवाले से कहा है कि 2025 में अब तक 1,703 भारतीयों को विभिन्न माध्यमों से डिपोर्ट किया गया, जिसमें से 864 लोग चार्टर्ड और सैन्य विमानों से वापस भेजे गए। फरवरी में 333 भारतीयों को तीन अलग-अलग तारीखों को अमेरिकी सीमा सुरक्षा बल ने भेजा। अमेरिकी इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट ने मार्च और जून में 231 नागरिकों को चार्टर्ड फ्लाइट से भेजा। वहीं, डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी ने जुलाई में 300 लोगों को दो फ्लाइट्स से भारत भेजा। 747 भारतीयों की वापसी व्यावसायिक फ्लाइट्स के माध्यम से व्यक्तिगत या छोटे समूहों में हुई। पनामा से भी 72 लोगों की वापसी भी इसी दौरान हुई। ये अमेरिका में अवैध रूप से घुसने की कोशिश में पकड़े गए थे।
भारत ने जताई चिंता
विदेश मंत्रालय ने अमेरिका से अपील की है कि डिपोर्टेशन की प्रक्रिया मानवीय होनी चाहिए। मंत्रालय ने महिलाओं और बच्चों पर बेड़ियों के इस्तेमाल तथा धार्मिक-सांस्कृतिक संवेदनशीलता के उल्लंघन पर चिंता जताई है। विदेश मंत्रालय ने कहा, “हम अमेरिकी अधिकारियों के साथ संपर्क में हैं और अपेक्षा करते हैं कि भारतीय नागरिकों के साथ गरिमामयी व्यवहार किया जाए।”
किन राज्यों से सबसे ज्यादा लोग डिपोर्ट हुए?
2025 में डिपोर्ट किए गए 1,703 भारतीयों में से 90% केवल 5 राज्यों से हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, सबसे अधिक पंजाब से 620 फिर हरियाणा के 604, गुजरात के 245. उत्तर प्रदेश के 38 और गोवा के 26 लोग भारत वापस भेजे गए। अन्य राज्यों में यह संख्या काफी कम रही। जैसे कि महाराष्ट्र और दिल्ली से 20-20, तेलंगाना के 19, तमिलनाडु के 17, आंध्र प्रदेश व उत्तराखंड के 12-12 और कर्नाटक के मात्र 5 लोग वापस भेजे गए हैं।