छत्तीसगढ़ के रायपुर में अपने मुवक्किल की हत्या कर उसकी लाश को सूटकेस में भरने के मामले में वारदात की वजह सामने आई है। पुलिस ने हत्या के आरोप में एक वकील और चार लोगों को उसकी पत्नी समेत गिरफ्तार किया है।
छत्तीसगढ़ के रायपुर में अपने मुवक्किल की हत्या कर उसकी लाश को सूटकेस में भरने के आरोप में एक वकील और चार लोगों को उसकी पत्नी समेत गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने बुधवार को इस हत्याकांड की वजह का खुलासा किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 30 लाख से ज्यादा रुपये वापस मांगने पर हुए विवाद में वकील ने अपने पत्नी और दो अन्य के साथ मिलकर यह हत्या की थी।
पुलिस ने बताया कि 23 जून को शहर के डीडी नगर थानाक्षेत्र की इन्द्रप्रस्थ कालोनी के करीब सुनसान इलाके में एक बड़ी पेटी से तेज बदबू आने की शिकायत मिली थी। इसके बाद पुलिस दल ने तलाशी ली और एक सूटकेस से एक शख्स की लाश बरामद की। आरोपियों ने किशोर पैकरा (58) की हत्या कर उसकी लाश को सूटकेस में भर कर फेंक दिया था।
पुलिस ने इस मामले में अधिवक्ता अंकित उपाध्याय (31), उसकी पत्नी शिवानी शर्मा (24), विनय यदु (23) और सूर्यकांत यदु (21) को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने बताया कि अंकित और उसकी पत्नी शिवानी को दिल्ली जबकि अन्य आरोपियों को रायपुर से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि लाश के ऊपर सीमेंट डाला गया था और उसके दोनों पैर बंधे हुए थे। लाश को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया और मामले की छानबीन शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेंज खंगालनी शुरू की।
इसमें तीन पुरुषों और एक महिला को कार से टीन की बड़ी पेटी ले जाते हुए देखा गया था। अधिकारियों ने बताया कि फुटेज के आधार पर पुलिस कार के मालिक तक पहुंची तब उसने एक महीने पहले ही कार अंकित नाम के व्यक्ति को बेचने की बात बताई। जांच के आधार पर पुलिस जब इंद्रप्रस्थ कॉलोनी के उस मकान तक पहुंची तब मकान मालिक ने बताया कि उसने अपना मकान अंकित और उसकी पत्नी शिवानी को किराए पर दिया था।
इस दौरान जानकारी मिली कि पति-पत्नी दिल्ली भाग गए हैं। 23 जून को दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद अंकित और शिवानी को सुरक्षा अधिकारियों ने पकड़ लिया। बाद में रायपुर से दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी वकील और उसकी पत्नी ने दो अन्य लोगों के साथ मिलकर 30 लाख से ज्यादा रकम को वापस मांगने पर हुए विवाद में किशोर पैकरा की हत्या कर शव को सूटकेस में भर कर फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।