बेंगलुरु में शर्मनाक घटना सामने आई है। दिनदहाड़े किराने की दुकान की ओर जा रही महिला से कुछ बदमाशों ने छेड़छाड़ और मारपीट कर दी। आरोप है कि महिला को बचाने आए दोस्त को ही पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
बेंगलुरु के पास रेणुका येल्लम्मा लेआउट में एक महिला के साथ दिनदहाड़े छेड़छाड़, मारपीट और गाली-गलौज की घटना सामने आई है। यह शर्मनाक घटना रविवार शाम करीब 4 बजे की बताई जा रही है, जब महिला किराने का सामान लेने घर से बाहर निकली थी। पुलिस ने आरोपी और पीड़ित दोनों पक्षों से मुकदमा दर्ज कर लिया है, लेकिन हैरानी की बात है कि मनचलों से महिला को बचाने वाला पीड़िता के दोस्त को ही पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी फरार है।
CCTV में कैद हुई पूरी घटना
सामने आए CCTV फुटेज में देखा गया कि कुछ युवक महिला का रास्ता रोकते हैं। महिला से जबरन बातचीत करने और छूने की कोशिश करते हैं। महिला के विरोध करने पर एक युवक उसे थप्पड़ मारता है। इसके बाद समूह में मौजूद लोग महिला के साथ हाथापाई करते हैं।
स्थानीय लोगों और दोस्त ने बचाया
घटना के दौरान महिला ने मदद के लिए शोर मचाया, जिसके बाद कुछ स्थानीय लोग और उसका एक दोस्त मौके पर पहुंचे और उसे वहां से सुरक्षित निकाला। हालांकि, थोड़ी ही देर बाद आरोपी युवक पीड़िता के मोहल्ले में घुस आए और मदद करने वालों पर हमला कर दिया। एक अन्य वीडियो में आरोपी एक रेजिडेंशियल गेट में घुसने की कोशिश करते दिखे।
पुलिस ने महिला को बचाने वाले को ही धरा
महिला ने बन्नरघट्टा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने छेड़छाड़ और मारपीट समेत कई अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि महिला के दोस्त, जो एक जिम ट्रेनर हैं, को एक आरोपी युवक पर हमला करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। मुख्य आरोपी अभी तक फरार है, पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
घटना क्या हुई, पीड़िता की जुबानी
मीडिया से बात करते हुए पीड़िता ने कहा, “मैं दुकान जा रही थी तभी कुछ नशे में धुत युवक झगड़ते हुए दिखे। उन्होंने मुझे रोका, गाली दी और मुझे छूने लगे। जब मैंने विरोध किया तो मुझे मारा गया।” पुलिस को संदेह है कि आरोपी युवक गांजा और पेंट थिनर के नशे में थे।