दिवाली बोनस के रूप में कंपनी के स्टॉक पाने वाले कर्मचारियों में फैक्ट्री और शॉपफ्लोर वर्कर्स भी शामिल हैं। वन-टाइम दिवाली बोनस के रूप में मिलने वाले इस तोहफे की कुल वैल्यू करीब 500 करोड़ रुपये होगी।
महिंद्रा ग्रुप के 14000 से ज्यादा कर्मचारियों को कंपनी के शेयर के रूप में वन-टाइम दिवाली बोनस मिलेगा। इस तोहफे की कुल वैल्यू करीब 500 करोड़ रुपये होगी। दिवाली बोनस के रूप में कंपनी के स्टॉक पाने वाले कर्मचारियों में फैक्ट्री और शॉपफ्लोर वर्कर्स भी शामिल हैं। महिंद्रा ग्रुप की 3 इकाइयों- महिंद्रा एंड महिंद्रा (ऑटो एंड फार्म सेक्टर्स), महिंद्रा इलेक्ट्रिक ऑटोमोबाइल और महिंद्रा लास्ट माइल मोबिलिटी- के कर्मचारी वन-टाइम एंप्लॉयी स्टॉक ओनरशिप प्लान (ईसॉप या ESOP) शामिल होंगे। यह बात सीएनबीसी-टीवी 18 की एक रिपोर्ट में कही गई है।
पहली बार कंपनी स्टॉक के रूप में दिया जा रहा दिवाली बोनस
भारत में यह पहला मौका है, जब कंपनी स्टॉक के रूप में कर्मचारियों को दिवाली बोनस दिया जा रहा है। साथ ही, यह पहला मौका है जब महिंद्रा अपने शॉपफ्लोर वर्कर्स को स्टॉक ओनरशिप बेनेफिट्स दे रही है। महिंद्रा, अपने ब्लू-कॉलर एंप्लॉयीज को ईसॉप देने वाला दूसरा भारतीय ग्रुप बनने जा रहा है। इससे पहले, अगस्त 2021 में जेएसडब्ल्यू ग्रुप ने अपने वर्कर्स को 1000 करोड़ रुपये के ईसॉप प्रोग्राम में शेयर दिए।
कंपनी के परमानेंट पे-रोल पर होने चाहिए कर्मचारी
महिंद्रा ग्रुप के कर्मचारियों को रिस्ट्रिक्टेड स्टॉक यूनिट्स (RSU) के रूप में शेयर दिए जाएंगे। जो कर्मचारी कंपनी के परमानेंट पे-रोल पर होंगे और जिन्होंने अपनी सर्विस के कम से कम 12 महीने पूरे कर लिए होंगे, उन्हें दिवाली बोनस के रूप में स्टॉक का तोहफा मिलेगा। चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में महिंद्रा एंड महिंद्रा का कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 24 पर्सेंट बढ़कर 4083 करोड़ रुपये रहा है। पिछले साल की समान अवधि के दौरान महिंद्रा एंड महिंद्रा को 3283 करोड़ रुपेय का मुनाफा हुआ था। चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में कंपनी की टोटल इनकम 45,529 करोड़ रुपये रही है, जो कि एक साल पहले की समान अवधि में 37,218 करोड़ रुपये थी।