संसद का मॉनसून सत्र जारी है। दोनों सदनों में अब तक की कार्यवाही काफी हंगामेदार रही है। ऑपरेशन सिंदूर पर आज लगातार दूसरे दिन चर्चा हो रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह लोकसभा को संबोधित कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री एस. जयशंकर भी सदन को संबोधित करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद रह सकते हैं। इससे पहले, सोमवार को लोकसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर जोरदार बहस हुई। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के जरिए राजनीतिक और सैन्य उद्देश्य हासिल किए गए, लेकिन यह कहना गलत और निराधार है कि इस अभियान को किसी दबाव में आकर रोका गया था।
लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता गौरव गोगोई ने केंद्र पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले में सुरक्षा चूक की नैतिक जिम्मेदारी गृह मंत्री अमित शाह को लेनी चाहिए। उन्होंने सरकार से सवाल किया, ‘पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) को अब वापस नहीं लेंगे तो कब लेंगे?’ कांग्रेस नेता ने सदन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के वक्तव्य का उल्लेख करते हुए दावा किया कि सिंह ने कई सच्चाई सामने नहीं रखी। गोगोई ने कहा, ‘हाल में जो युद्ध हुआ वह सूचना का युद्ध था। हम दुनिया को सच्चाई की सूचना देना चाहते थे। लेकिन कुछ ताकतें झूठ फैला रही थीं। इस चर्चा का मकसद है कि सच्चाई सदन में आनी चाहिए।’
संसद की कार्यवाही से जुड़ा हर एक अपडेट…
Parliament Monsoon Session 2025 Live: पाकिस्तान के 6 रडार सिस्टम नष्ट किए, शाह ने बताया
भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, ‘पाकिस्तान के 6 रडार सिस्टम नष्ट कर दिए गए। उन्होंने हमारे आवासीय क्षेत्रों पर हमला किया, लेकिन हमने ऐसा नहीं किया। हमने केवल उनके हवाई ठिकानों पर हमला किया और उनकी हमलावर क्षमताओं को नष्ट कर दिया। हमारी सशस्त्र सेनाएं पूरी तरह सुरक्षित थीं। उनकी हमलावर क्षमताएं नष्ट हो गईं। पाकिस्तान के पास समर्पण करने के अलावा कोई विकल्प नहीं था। 10 मई को पाकिस्तानी डीजीएमओ ने हमारे डीजीएमओ को फोन किया और हमने शाम 5 बजे संघर्ष को रोक दिया।’
Parliament Monsoon Session 2025 Live: ‘चीन आज संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में’
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, ‘आज चीन संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में है और भारत नहीं है। मोदी जी भारत को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद का हिस्सा बनाने के लिए अपनी पूरी कोशिश कर रहे हैं। इसके लिए जवाहरलाल नेहरू का रुख जिम्मेदार है। जब हमारे जवान डोकलाम में चीनी सैनिकों का सामना कर रहे थे, तब राहुल गांधी चीनी राजदूत के साथ बैठक कर रहे थे। चीन के प्रति यह प्रेम जवाहरलाल नेहरू, सोनिया गांधी और राहुल गांधी की तीन पीढ़ियों में चला आ रहा है।’
Parliament Monsoon Session 2025 Live: शाह बोले- पाकिस्तान कांग्रेस की गलती
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, ‘पाकिस्तान कांग्रेस की गलती है। अगर उन्होंने विभाजन स्वीकार नहीं किया होता तो आज पाकिस्तान नहीं होता।’
Parliament Monsoon Session 2025 Live: शाह क्यों बोले न रहता बांस न बजती बांसुरी
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, ‘1971 में पूरे देश ने इंदिरा जी का समर्थन किया था। उन्होंने पाकिस्तान के दो टुकड़े कर दिए, ये भारत की बहुत बड़ी विजय थी। इस पर पूरा भारत गर्व करता है, हम भी करते हैं। उस समय 93 हजार युद्धबंदी और 15 हजार वर्ग किमी क्षेत्र हमारे कब्जे में था। मगर शिमला समझौता हुआ तो ये PoK मांगना ही भूल गए। अगर उस समय PoK मांग लेते तो न रहता बांस न बजती बांसुरी। इन्होंने PoK तो नहीं लिया, उल्टा 15 हजार वर्ग किमी की जीती हुई भूमि भी वापस दे दी।’
Parliament Monsoon Session 2025 Live: ‘पीओके का अस्तित्व केवल नेहरू के कारण’
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, ‘कल वे (कांग्रेस) सवाल उठा रहे थे कि युद्ध क्यों नहीं हुआ। आज पीओके का अस्तित्व केवल जवाहरलाल नेहरू के कारण है। 1960 में उन्होंने सिंधु नदी का 80% पानी पाकिस्तान को दे दिया। 1971 में शिमला समझौते के दौरान उन्होंने (कांग्रेस) पीओके के बारे में भूल गए। अगर उन्होंने तब पीओके ले लिया होता तो हमें अब वहां के शिविरों पर हमले करने की जरूरत नहीं पड़ती।’
Parliament Monsoon Session 2025 Live: ‘जैसा मनमोहन सिंह की सरकार के दौरान…’
अमित शाह ने कहा, ‘ऑपरेशन सिंदूर के बाद हमारे डीजीएमओ ने पाक डीजीएमओ को सूचित किया कि भारत ने आत्मरक्षा के अपने अधिकार के तहत उनकी जमीन पर आतंकी ढांचे पर हमला किया है। यह वैसा नहीं हो सकता जैसा मनमोहन सिंह की सरकार के दौरान होता था कि आतंकवादी आएं, हमें मारें और हम चुपचाप बैठे रहें। हमने उन आतंकवादियों को मार गिराया जिन्होंने कांग्रेस सरकार के दौरान भारत को लहूलुहान किया था।’
Parliament Monsoon Session 2025 Live: शाह बोले- 100 से अधिक आतंकवादियों को मार गिराया
लोकसभा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, ‘ऑपरेशन सिंदूर के दौरान हमारे सुरक्षाबलों ने 100 से अधिक आतंकवादियों को मार गिराया।’
Parliament Monsoon Session 2025 Live: ‘सुरक्षा बलों को दी गई पूरी स्वतंत्रता’
लोकसभा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, ’30 अप्रैल को सीसीएस की बैठक हुई, जिसमें सुरक्षा बलों को पूर्ण परिचालन स्वतंत्रता दी गई। ऑपरेशन सिंदूर 7 मई को शुरू किया गया और यह रात 1:04 बजे से 1:24 बजे के बीच किया गया। इस ऑपरेशन में पाकिस्तान में 9 आतंकी ठिकानों को नष्ट किया गया। इस हमले में कोई भी पाकिस्तानी नागरिक नहीं मारा गया।’
Parliament Monsoon Session 2025 Live: पीएम मोदी के बिहार जाने पर शाह का जवाब
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, ‘कल गोगोई जी ने कहा कि 24 अप्रैल को पहलगाम के बजाय मोदी जी बिहार गए। पहलगाम हमले के समय मोदी जी विदेश में थे। जिस दिन मोदी जी बिहार गए, उस दिन पहलगाम में केवल राहुल गांधी थे और कोई नहीं। यदि देश के नागरिकों पर ऐसा हमला होता है तो प्रधानमंत्री का कर्तव्य है कि इसका करारा जवाब दिया जाए।’
Parliament Monsoon Session 2025 Live: ऑपरेशन महादेव पर क्या बोले अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, ‘ऑपरेशन सिंदूर ने उन लोगों को मार गिराया जिन्होंने आतंकवादियों को भेजा था और ऑपरेशन महादेव ने उन लोगों को मार गिराया जिन्होंने हमला किया था। मैंने सोचा था कि इस खबर को सुनकर सत्तापक्ष और विपक्षी दलों में खुशी की लहर दौड़ेगी, मगर स्याही पड़ गई इनके चेहरे पे (उनके चेहरे स्याही से सन गए हैं) यह कैसी राजनीति है?’
Parliament Monsoon Session 2025 Live: शाह बोले- ये पाकिस्तान को क्लीन चिट दे रहे
अमित शाह ने कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम के बयान पर कहा, ‘कल वे (कांग्रेस) हमसे पूछ रहे थे कि आतंकवादी कहां से आए और इसके लिए कौन जिम्मेदार है। निश्चित रूप से, यह हमारी जिम्मेदारी है क्योंकि हम सत्ता में हैं। कल पूर्व गृह मंत्री चिदंबरम जी ने सवाल उठाया कि यह क्या सबूत है कि आतंकवादी पाकिस्तान से आए? मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि पाकिस्तान को बचाने से उन्हें क्या हासिल होगा। जब वे ऐसा कहते हैं तो इसका मतलब है कि वे पाकिस्तान को क्लीन चिट दे रहे हैं।’
Parliament Monsoon Session 2025 Live: आतंकियों की कैसे हुई पहचान, शाह ने बताया
अमित शाह ने कहा, ‘एनआईए ने उन लोगों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था जिन्होंने आतंकवादियों को पनाह दी थी। जिन्होंने उन्हें खाना खिलाया, उन्हें हिरासत में लिया गया। जब आतंकवादियों के शव श्रीनगर पहुंचे तो उनकी पहचान उन तीन लोगों के रूप में हुई जिन्होंने पहलगाम में आतंकी हमला किया था। आतंकी हमले से संबंधित कारतूसों की एफएसएल रिपोर्ट पहले ही तैयार थी। कल, तीनों आतंकवादियों की राइफलें जब्त की गईं और एफएसएल रिपोर्ट से मिलान किया गया। कल चंडीगढ़ में और परीक्षण किए गए, जिसके बाद यह पुष्टि हुई कि ये तीनों ही वे लोग थे जिन्होंने आतंकी हमला किया था।’
Parliament Monsoon Session 2025 Live: ‘हमले के तुरंत बाद प्रभावित परिवारों से मिला’
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, ‘पहलगाम हमले के तुरंत बाद मैं प्रभावित परिवारों से मिला था। मेरे सामने एक ऐसी महिला खड़ी थी जो शादी के मात्र 6 दिन बाद विधवा हो गई थी। मैं उस दृश्य को कभी नहीं भूल सकता। मैं आज सभी परिवारों से कहना चाहता हूं कि मोदी जी ने उन लोगों को बेअसर कर दिया जिन्होंने आतंकवादियों को भेजा था। आज हमारी सुरक्षा बलों ने उन लोगों को मार गिराया जिन्होंने हत्याएं की थीं।’
Parliament Monsoon Session 2025 Live: ‘ऐसा लगता है कि वे इससे खुश नहीं’
लोकसभा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विपक्ष को कहा, ‘मुझे अपेक्षा थी कि जब वे पहलगाम आतंकवादियों के मारे जाने की खबर सुनेंगे तो खुश होंगे, लेकिन ऐसा लगता है कि वे इससे खुश नहीं हैं।’
Parliament Monsoon Session 2025 Live: आतंकी सुलेमान, अफगान और जिबरान ढेर
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, ‘कल के ऑपरेशन में तीनों आतंकवादी (सुलेमान, अफगान और जिबरान) मारे गए। जो लोग उन्हें खाना पहुंचाते थे, उन्हें पहले ही हिरासत में ले लिया गया था। जब इन आतंकवादियों के शव श्रीनगर लाए गए, तो हमारी एजेंसियों की ओर से हिरासत में रखे गए लोगों ने उनकी पहचान की।’
Parliament Monsoon Session 2025 Live: ‘पहलगाम हमले में शामिल 3 आतंकवादियों को मार गिराया’
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, ‘एक संयुक्त ऑपरेशन महादेव में भारतीय सेना, CRPF और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पहलगाम आतंकी हमले में शामिल तीन आतंकवादियों को मार गिराया है।’
Parliament Monsoon Session 2025 Live: लोकसभा में बोल रहे अमित शाह
ऑपरेशन सिंदूर पर लोकसभा में केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने कहा, ‘निर्दोष नागरिकों को उनके परिवारों के सामने उनका धर्म पूछकर मार दिया गया। मैं इस बर्बर कृत्य की निंदा करता हूं। मैं उन परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है।’
Parliament Monsoon Session 2025 Live: 12 बजे लोकसभा को संबोधित करेंगे अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह संसद पहुंच गए हैं। आज दोपहर 12 बजे वह लोकसभा को संबोधित करेंगे। बताया जा रहा है कि ऑपरेशन सिंदूर पर शाह लोकसभा में अपनी बात रख सकते हैं।
Parliament Monsoon Session 2025 Live: गिरिराज सिंह ने कांग्रेस पर साधा निशाना
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, ‘कांग्रेस ने तय किया है कि भारत के सेना के शौर्य के खिलाफ दुनिया में माहौल बनाएं, यह दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं उन्हें देशद्रोही तो नहीं सकता लेकिन यह हरकत सेना के शौर्य को नकारना और देश के प्रति नकारात्मक सोच रखना है।’
Parliament Monsoon Session 2025 Live: ऑपरेशन सिंदूर पर कंगना रनौत ने क्या कहा
भाजपा सांसद कंगना रनौत ने कहा, ‘हमारे नेताओं ने ऑपरेशन सिंदूर पर विस्तार से अपने विचार व्यक्त किए हैं। खासकर रक्षा मंत्री ने देश के सामने सारे आंकड़े रखे हैं। विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। लोगों को गुमराह करने के लिए, देश और सैनिकों का अपमान करने के लिए वे सबकी नजरों से नीचे गिर चुके हैं। देश देख रहा है।’
Parliament Monsoon Session 2025 Live: राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित
राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। आज जब उच्च सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू होगी तो उस पर सभी की नजरें टिकी होंगी। दोपहर 2 बजे से ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा शुरू हो सकती है।
Parliament Monsoon Session 2025 Live: राजीव राय बोले- क्या ट्रंप महाभारत के संजय हैं जो…
ऑपरेशन सिंदूर पर समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय ने कहा, ‘वे सवालों से भागने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने किसी सवाल का जवाब नहीं दिया और मेंढक और शेर के बारे में बात करते रहे। अगर उन्होंने डोनाल्ड ट्रंप से बात नहीं की, तो क्या डोनाल्ड ट्रंप महाभारत के संजय हैं जो खुद ही सब कुछ जानते थे?’
Parliament Monsoon Session 2025 Live: 2 बजे सदन को संबोधित कर सकते हैं राजनाथ सिंह
राज्यसभा में आज ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा होनी है। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह दोपहर करीब 2 बजे सदन को संबोधित कर सकते हैं। न्यूज एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी।
Parliament Monsoon Session 2025 Live: संसद की कार्यवाही शुरू
संसद के मॉनसून सत्र में आज दोनों सदनों की कार्यवाही शुरू हो गई है। लोकसभा और राज्यसभा में फिलहाल शांति से बहस जारी है। विपक्ष की ओर से उठाए गए सवालों का जवाब दिया जा रहा है।
Parliament Monsoon Session 2025 Live: कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर का बयान
कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर सदन में चर्चा पर कहा, ‘हम चाहते हैं कि चर्चा जारी रहे, लेकिन सरकार चर्चा को रोकने के लिए काम कर रही है। वे सवालों का जवाब नहीं दे रहे थे, वे बस बातें घुमा रहे थे। उन्हें कांग्रेस-पार्टी के सवाल का जवाब देना चाहिए।’
Parliament Monsoon Session 2025 Live: विपक्ष के सवाल उठाने पर जताई आपत्ति
भाजपा नेता राम कदम ने कहा, ‘देश के समूचे विपक्ष को संसद के अधिवेशन सत्र में मंत्रणा करने का नैतिक अधिकार है, वे सवाल उठा सकते हैं। वे सरकार को सकारात्मक सुझाव दे सकते हैं। जिन आतंकियों ने हमारी माताओं और बहनों का सिंदूर छीना था, हमारी फौज ने उन्हीं के घर में घुसकर उन्हें मार गिराया। यह प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में चलने वाली मजबूत सरकार है।’
Parliament Monsoon Session 2025 Live: ‘पीएम का वक्तव्य विपक्ष को निरुत्तर कर देगा’
भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर सदन में चर्चा पर कहा, ‘विपक्ष पहले चर्चा की मांग करता है। इसके बावजूद हंगामा, शोरगुल करता है। ये नकारात्मक सोच वाला विपक्ष है। अगर विदेश मंत्री कुछ कह रहे हैं, रक्षा मंत्री कुछ कह रहे हैं तो आप उस पर हंगामा करेंगे? विपक्ष कुछ सुनना ही नहीं चाहता, उनका एक छिपा हुआ एजेंडा है कि किसी तरह सदन को चलने से रोका जाए। मुझे लगता है कि प्रधानमंत्री का आज का वक्तव्य पूरे विपक्ष को निरुत्तर कर देगा।’
Parliament Monsoon Session 2025 Live: ‘उम्मीद है कि पीएम मोदी…’
शिवसेना (UBT) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा, ‘ऑपरेशन सिंदूर एक कामयाब मिशन था। उसमें आतंकी ठिकानों को खत्म करने का काम किया गया था। यह हमारे सशस्त्रबलों का पाकिस्तान को दो टुक जवाब था। देश की जनता के बीच उठते सवालों को विपक्ष ने उठाया है। मैं उम्मीद करती हूं कि प्रधानमंत्री मोदी दोनों सदनों में शामिल होंगे।’
Parliament Monsoon Session 2025 Live: कांग्रेस सांसद ने प्रमोद तिवारी ने क्या कहा
कांग्रेस के राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने संसद में ऑपरेशन सिंदूर को लेकर विशेष चर्चा पर कहा, ‘पहलगाम में हुआ आतंकी हमला भारत की संप्रभुता पर होने वाला सीधा हमला था। हम जानना चाहते हैं कि इस आतंकी हमले के पीछे कौन जिम्मेदार है? पहलगाम में हजारों लोग रोज जा रहे थे और आपका गृह विभाग सो रहा था। ढेर सारे सवाल उठ रहे हैं। हम चाहते हैं कि आप (प्रधानमंत्री मोदी) इस पर जवाब दें।’
Parliament Monsoon Session 2025 Live: पीएम मोदी शाम 5 बजे कर सकते हैं संबोधित
न्यूज एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, एक सरकारी सूत्र ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शाम 5 बजे अपना भाषण दे सकते हैं। पहलगाम में आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान के आतंकी संगठनों के खिलाफ भारत के ऑपरेशन सिंदूर पर वह अपनी बात रखेंगे।
Parliament Monsoon Session 2025 Live: लोकसभा को संबोधित करेंगे अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज लोकसभा को संबोधित करेंगे। सूत्र ने बताया कि गृह मंत्री अमित शाह दोपहर 12:00 से 1:00 बजे के बीच लोकसभा को संबोधित करेंगे।
Parliament Monsoon Session 2025 Live: लोकसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर आज भी चर्चा
लोकसभा में मंगलवार को ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा दूसरे दिन भी जारी रहेगी। संचार और सूचना प्रौद्योगिकी पर स्थायी समितियां भी सरकार की ओर से विभिन्न विषयों पर की गई सिफारिशों पर की गई कार्रवाई के संबंध में अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगी।
Parliament Monsoon Session 2025 Live: कांग्रेस को 2 घंटे का समय
मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस को अपनी राय रखने के लिए लगभग 2 घंटे का समय दिया गया है। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे कांग्रेस की ओर से चर्चा का नेतृत्व करेंगे। इस दौरान हंगामे के आसार हैं।
Parliament Monsoon Session 2025 Live: कैथोलिक नन मामले पर चर्चा की मांग
कांग्रेस सांसद हिबी ईडन ने छत्तीसगढ़ में 2 कैथोलिक नन के खिलाफ गैरकानूनी गिरफ्तारी, झूठे आरोप, जमानत से वंचित करना और भीड़ की ओर से हिंसा के आरोप लगाए हैं। इस मुद्दे पर चर्चा के लिए उन्होंने सदन के कार्य को स्थगित करने का प्रस्ताव पेश किया, जो धार्मिक स्वतंत्रता, धर्मनिरपेक्षता और कानून के शासन के मूलभूत सिद्धांतों पर हमला है।