महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। एक 27 वर्षीय महिला पर आरोप है कि उसने अपनी तीन नाबालिग बेटियों को जहर देकर मार डाला।
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। एक 27 वर्षीय महिला पर आरोप है कि उसने अपनी तीन नाबालिग बेटियों को जहर देकर मार डाला। बताया जाता है कि महिला ने घरेलू समस्याओं से परेशान होकर यह कदम उठाया है। इस महिला को शनिवार रात गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक जहर मिला खाना खाने के बाद लड़कियों को उल्टी होने लगी। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
चावल-दाल के व्यंजन में मिलाकर खिलाया
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि घटना 20 जुलाई की है। शाहपुर क्षेत्र अंतर्गत असनोली गांव के तालेपाड़ा में रहने वाली गृहिणी संध्या संदीप बेरे ने ‘वरन भात’ (चावल और दाल का एक पारंपरिक व्यंजन) में कीटनाशक मिलाया। इसके बाद उसने इसे अपनी पांच, आठ और 10 साल की बेटियों को खिला दिया। उन्होंने बताया कि जल्द ही लड़कियों की तबीयत खराब होने लगी और उन्हें उल्टी और चक्कर आने लगे, जिसके बाद उन्हें एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पोस्टमार्टम में खुला राज
अधिकारी ने बताया कि हालत बिगड़ने पर उनमें से दो को मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। अधिकारी ने बताया कि उन दोनों में से एक की 24 जुलाई को जबकि दूसरी की 25 जुलाई को मौत हो गई जबकि तीसरी लड़की को नासिक के एक अस्पताल रेफर किया गया था, जहां 24 जुलाई को उसने भी दम तोड़ दिया। खिनावली पुलिस ने शुरुआत में दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया था। पुलिस ने बताया कि हालांकि शनिवार रात को लड़कियों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद उनके शरीर में जहर होने का पता चला था।
महिला ने यह बताई वजह
अधिकारी ने बताया कि महत्वपूर्ण साक्ष्य के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बच्चों की मां के खिलाफ हत्या का एक मामला दर्ज किया। शनिवार देर रात करीब दो बजे उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला घरेलू समस्याओं से जूझ रही थी जिसमें पति की शराब पीने की आदत शामिल थी। पुलिस ने बताया कि महिला अपने पति से अलग रह रही थी और अपनी तीन बेटियों की देखभाल के लिए उसे परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था, जिसके कारण महिला ने इस वारदात को कथित तौर पर अंजाम दिया।
ससुराल वालों को पहले से था शक
पुलिस ने बताया कि महिला के ससुराल वालों को तीनों बच्चों की मौत में उसकी संलिप्तता का संदेह था। पुलिस ने बताया कि महिला को पहले पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।