केरल में प्रदेश सरकार और राज्यपाल के बीच खींचतान जारी है। इस बीच यहां के शिक्षा मंत्री ने एक बड़ा ऐलान किया है। केरल के शिक्षा मंत्री वी सिवनकुट्टी ने कहाकि वह बहुत जल्द ही स्कूल के पाठ्यक्रम में एक नया अध्याय जोड़ने वाले हैं। इसमें राज्यपाल की संवैधानिक शक्तियों और कर्तव्यों के बारे में बताया जाएगा। यह घोषणा उस घटना के बाद आई है, जिसमें शिक्षामंत्री राजभवन में आयोजित एक कार्यक्रम से निकल आए थे। शिक्षामंत्री वी सिवनकुट्टी ने डायस पर आरएसएस से जुड़ी भारत माता के पोर्टेट का विरोध किया था।
सामाजिक विज्ञान पाठ्यपुस्तकों के दूसरे खंड में शामिल होगा राज्यपाल के अधिकार का नया अध्याय। इस अध्याय को कक्षा 10, 11 और 12 के छात्रों के पाठ्यक्रम में संशोधन के हिस्से के रूप में जोड़ा जाएगा। शिक्षामंत्री ने कहा कि स्कूल लोकतंत्र के मूल्यों को सीखने के लिए आदर्श जगह हैं और इसी के लिए पाठ्यक्रम में संशोधन किया जा रहा है। गवर्नर के अधिकारों के बारे में जानकारी छात्रों के लिए महत्वपूर्ण है और सही शिक्षा देना जरूरी है।